रायगढ़ , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के कोसमपाली-धनागर स्थित जिंदल पॉवर सीमेंट उद्योग प्रोजेक्ट एरिया में कार्यरत श्रमिकों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। सैकड़ों मजदूरों ने एकजुट होकर आठ घंटे की निर्धारित ड्यूटी और समय पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया।

धरने में शामिल श्रमिकों का कहना है कि उनसे लगातार आठ घंटे से अधिक काम लिया जा रहा है लेकिन अतिरिक्त समय का कोई भुगतान नहीं किया जाता। साथ ही, वेतन भी समय पर नहीं मिल रहा, जिससे उनके परिवारों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरना स्थल पर मौजूद श्रमिक नेताओं ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

श्रमिकों का स्पष्ट कहना है कि वे अब किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। जानकारी के अनुसार, यह समस्या केवल एक उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी श्रमिक इसी तरह की परेशानियों से जूझ रहे हैं।

वहीं, इस पूरे मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे श्रमिकों में नाराजगी और बढ़ती जा रही है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो यह मामला बड़े औद्योगिक विवाद का रूप ले सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित