जौनपुर , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगेरी गांव में शनिवार को एक नीले ड्रम में चार वर्षीय बालक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव निवासी बृजेश कुमार यादव का चार वर्षीय पुत्र ओम यादव शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घर के सामने खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर से लगभग 50 मीटर दूर पंचायत भवन की ओर चला गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों और ग्रामीणों ने झाड़ियों व खेतों में काफी खोजबीन की, लेकिन बालक का पता नहीं चला। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ पंचायत भवन परिसर में तलाश की, जहां एक कमरे में रखे नीले रंग के खाली ड्रम में बालक का शव पड़ा मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित