पटना , अक्टूबर 26 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने सहरसा जिले के हरेवा पंचायत के पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी जावेद इकबाल उर्फ गुड्डू मुखिया की गोली मारकर हत्या किए जाने पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस घटना से साबित होता है कि बिहार में सम्राट सरकार का इकबाल पूरी तरह समाप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में सरबेला पुल के पास सोमवार को अपराधियों ने जावेद इकबाल उर्फ गुड्डू मुखिया को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल जावेद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
श्री अहमद ने आज जारी बयान में कहा कि एक पूर्व मुखिया और प्रसिद्ध समाजसेवी की इस तरह जघन्य हत्या से स्पष्ट है कि राज्य में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा ki शासन और प्रशासन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहे हैं।
राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध की घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं और अपराध का तांडव जारी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के नाम पर आम लोगों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। राज्य सरकार को अपराध पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित