जालौन , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के जालौन स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल 'अनसीमेंटेड टोटल हिप रिप्लेसमेंट' सर्जरी सफलतापूर्वक कर पांच वर्षों से गंभीर दर्द से पीड़ित मरीज को राहत प्रदान की है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने मंगलवार को बताया कि 41 वर्षीय संतोष, निवासी राठ (हमीरपुर), एवैस्कुलर नेक्रोसिस (एवीएन) नामक गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इस बीमारी के कारण उनके कूल्हे की हड्डी में रक्त प्रवाह बाधित हो गया था, जिससे उन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई और असहनीय दर्द का सामना करना पड़ रहा था।
मरीज की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने 'अनसीमेंटेड टोटल हिप रिप्लेसमेंट' सर्जरी का निर्णय लिया। यह जटिल ऑपरेशन सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। सर्जरी में डॉ. प्रांशु और डॉ. सलीम (जूनियर रेजिडेंट) ने सहयोग किया, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. सुनीत और उनकी टीम ने संभाली। नर्सिंग स्टाफ में ब्रदर ओम की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई गई है और वह तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रहा है।
डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि इस प्रकार की उन्नत सर्जरी का सफल होना मेडिकल कॉलेज की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की दक्षता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित