जालौन , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार देर रात एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि जालौन कोतवाली क्षेत्र के लोना संपर्क मार्ग पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी की कई घटनाओं में वांछित एक शातिर अपराधी क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना के आधार पर एसओजी, सर्विलांस टीम और जालौन कोतवाली पुलिस ने उदोतपुरा पावर हाउस रोड से ग्राम लोना संपर्क मार्ग तक घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटेलाल उर्फ लादेन (34) पुत्र कमलेश, निवासी ग्राम एवं थाना चुर्खी, जनपद जालौन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, छोटेलाल उर्फ लादेन एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित