जालौन , जून 05 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डकोर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24.715 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने शुक्रवार को बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब के निष्कर्षण एवं परिवहन में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना डकोर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग में रखा कुल 24 किलो 715 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल पुत्र जय सिंह कुशवाहा निवासी मोहल्ला खंडेराव, कोतवाली जालौन, रवि कुमार पुत्र संतोष रैकवार निवासी ग्राम छेवटा थाना समथर जनपद झांसी, दीपक पुत्र श्रीकृष्ण कुशवाहा तथा अभिषेक पुत्र दुलीचन्द्र कुशवाहा निवासी मोहल्ला शिवपुरी, कोतवाली उरई के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 930 रुपये नकद तथा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों के नेटवर्क तथा गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। इस संबंध में थाना डकोर में मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित