जालौन , जुलाई 9 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में हरित वातावरण के निर्माण और वृहद वृक्षारोपण अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जनआंदोलन बनना चाहिए।
श्री पांडे ने निर्देश दिए कि जिन गौशालाओं का मर्जर हो चुका है और जिनके परिसर खाली हैं, वहां बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए। इन स्थलों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार करते हुए आज से ही मनरेगा के अंतर्गत गड्ढे खोदने का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समय पर पौधरोपण किया जा सके।
उन्होंने आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर "ग्रीन पंचायत अभियान-मेरी पंचायत, हरित पंचायत" के उद्देश्य, पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार वृक्षारोपण का लक्ष्य तय करे तथा पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित करे।
बैठक में अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तैयारी से वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित