जालौन , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में रविवार को होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, प्रवेश प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी और कक्षों की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हो।

आईजी आकाश कुलहरि ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखी जाए और किसी भी अनियमितता की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पुलिस बल को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के साथ संयमित एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुरक्षित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित