जालौन , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। करंट लगने के बाद संतुलन बिगड़ने से वह मकान की छत से नीचे गिर गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर गंभीर चोटें आईं।

थाना प्रभारी परविंदर सिंह ने बताया कि कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी सीमा (38), पत्नी विपिन, शनिवार सुबह अपने मकान की छत पर सोकर उठी थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह नींद की अवस्था में चलते हुए छत के किनारे पहुंच गईं।

इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लगा। करंट का झटका लगते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे बनी सीसी सड़क पर गिर गईं।

महिला के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल सीमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित