जालौन , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में प्रेम प्रसंग के चलते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि थाना कैलिया क्षेत्र में उमरी का पुरा निवासी गिरजाशंकर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमित नरवरिया (24) की हत्या कर शव को जला दिया गया है। इस पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन टीमों का गठन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुलदीप दोहरे, अमित दोहरे, शीतला और मिथलेशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को जगनपुरा रोड से सलैया खुर्द जाने वाले मार्ग के पास से पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, डंडा, दो बाइक और दो हेलमेट बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक का आरोपी कुलदीप की पत्नी शीतला के साथ प्रेम संबंध था। इसी रंजिश में 24 मार्च की शाम शीतला के बुलाने पर मृतक घर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर डंडे और हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में पहचान छिपाने के लिए शव को बेडशीट और तिरपाल में लपेटकर जंगल में ले जाकर जला दिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित