जालौन , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कोतवाली माधौगढ़ पुलिस ने गुमशुदा युवक की हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि 25 मार्च 2026 को रूद्रपुरा निवासी परमाल सिंह के पुत्र कमल प्रताप सिंह उर्फ कुक्के के लापता होने पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। 8 अप्रैल को उसका शव गांव के ही रोहित पुत्र नाथूराम के बाड़े में मिट्टी में दबा हुआ मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की और रोहित (22) तथा तेज प्रताप सिंह उर्फ तेजा (24) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 26 मार्च को शराब पीने के दौरान हुए विवाद में उन्होंने कमल की बोतल से वार कर हत्या कर दी और शव को छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के लिए ले जाते समय आरोपी रोहित ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित