जालौन , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में अकबरपुर-इटौरा मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एक स्कूल वैन के खाई में पलटने से उसमें सवार पांच बच्चों समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की वैन में हादसे के समय 18 बच्चे सवार थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में टीचर निसा (35), गोपाल (22), अंशिका (15), शिवांशु (6), विवेक (6) और विमल (13) सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। डीएम ने चिकित्सकों को सभी घायलों के बेहतर और त्वरित उपचार के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित