जालौन , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शुक्रवार को संजय सिंह उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) झांसी एवं राजेश कुमार वर्मा सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झांसी के नेतृत्व में स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दूर-दराज के विद्यालयों में औचक निरीक्षण कर वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

मां शारदा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, एट के निरीक्षण में तीन वाहन अनफिट पाए गए। प्रवर्तन दल ने वाहनों को अभिरक्षा में लेकर फिटनेस सेंटर भेजा और फिटनेस प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही संचालन के निर्देश दिए। इससे पहले भी उक्त विद्यालय के वाहनों के विरुद्ध चालान एवं निरुद्ध की कार्रवाई की जा चुकी है।

अन्य विद्यालयों में भी निरीक्षण के दौरान प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से लिखित आश्वासन लिया गया कि केवल फिट एवं वैध प्रपत्र वाले वाहनों का ही संचालन किया जाएगा। राजेश कुमार एआरटीओ प्रवर्तन एवं आनन्द राय कुरील यात्री/मालकर अधिकारी ने पांच स्कूली वाहनों में नियमों व सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर उन्हें विभिन्न थानों में निरुद्ध किया, जबकि अन्य वाहनों के चालान किए गए।

उप परिवहन आयुक्त संजय सिंह ने कहा कि 'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहनों में जीपीएस, सीसीटीवी, आपातकालीन द्वार, वैध फिटनेस प्रमाणपत्र तथा प्रशिक्षित चालक सहित सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य है। लापरवाही करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के अंत में अधिकारियों ने परिवहन कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित