जालौन , जून 24 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुधवार को पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो सोने के टुकड़े (थपिया) और 97 हजार रुपये नगर बरामद किये है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कमल ने बताया कि थाना आटा पुलिस एवं स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 135 ग्राम वजन के दो सोने के टुकड़े (थपिया) तथा 97 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 को थाना आटा क्षेत्र निवासी मनोज सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मां और बड़ी बहू के घर में रखे सोने के टुकड़े (थपिया) अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना आटा में धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना आटा पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने मिठ्ठू उर्फ शिवकुमार पुत्र स्वर्गीय गोपी (40) तथा अंकित द्विवेदी पुत्र रूपनारायण (29), दोनों निवासी ग्राम पिपरैया, थाना आटा, जनपद जालौन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए दो सोने के टुकड़े कुल वजन 135 ग्राम तथा 97 हजार रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित