जालौन , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गयी जबकि उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम मेंगनी निवासी मुनेश सिंह का पुत्र बृजेंद्र सिंह (22) अपने साथी कल्लू के साथ किसी काम से रामपुरा गया था। देर रात दोनो बाइक से वापस गांव आ रहे थे कि सहाव मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में बृजेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि कल्लू की हालत गंभीर बनी हुयी है। घटना की सूचना मिलते ही जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना करने वाले वाहन की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित