जालौन , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में 12वीं के छात्र संजय ठाकुर (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
माधवगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मध्य प्रदेश के लहार निवासी संजय ठाकुर अपने साथियों के साथ जालौन के ऊमरी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद सभी कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बंगरा इलाके के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में संजय ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को अचानक नींद आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा, जिससे यह हादसा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित