जालौन , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतका के पति और ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बीती देर रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कुदरा करौदी में पारिवारिक झगड़े के दौरान एक महिला की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी जालौन, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली तथा फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंच गई। मृतका की पहचान बबली कुशवाहा (45) पत्नी सुशील कुशवाहा के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर मृतका का पति सुशील कुशवाहा तथा उसकी ननद चन्द्रकली शराब के नशे की हालत में मौजूद मिले।
फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी जालौन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के पति सुशील कुशवाहा और ननद चन्द्रकली कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित