जालौन , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में उरई शहर के नया पटेल नगर मोहल्ले में सोमवार को एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नया पटेल नगर निवासी आरती पाल (33) पत्नी सतेंद्र पाल का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पति सतेंद्र पाल ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई रवि पाल ने आरोप लगाया कि आरती की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में मृतका के पति की ओर से मुकदमा भी दायर किया गया था, जिसके बाद से ससुराल पक्ष आरती से नाराज रहता था। मायके पक्ष ने इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

उरई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित