जालौन , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकासखंड डकोर के ग्राम बड़ागांव स्थित पंचायत सचिवालय में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पीएम किसान पोर्टल पर पंजीकृत 105 कृषकों में से तीन कृषक मृतक, तीन भूमिहीन तथा पांच किसान गांव में निवासरत नहीं पाए गए हैं, जिसके कारण उनकी फार्मर रजिस्ट्री लंबित है। शेष 94 पात्र किसानों का पंजीकरण पूर्ण कर लिया गया है, जबकि अन्य छूटे किसानों का पंजीकरण कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अपात्र मामलों का सत्यापन कर सूची को अद्यतन रखने तथा घर-घर संपर्क कर शेष किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान तहसीलदार, लेखपाल, पंचायत सहायक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित