जालौन , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के नदीगांव थाना क्षेत्र में उरई से नदीगांव जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस कनहरी और कनासी गांव के बीच अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कोच ने बताया कि बस उरई से नदीगांव की ओर जा रही थी। कनहरी-कनासी मार्ग पर पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। बस के पलटते ही कई यात्री सीटों के बीच फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। वहीं नदीगांव थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नदीगांव भेजा गया।

चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। सभी घायलों का उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित