जालौन , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में थाना रामपुरा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने शनिवार को बताया कि थाना रामपुरा पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम क्षेत्र में संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि 16/17 मई 2026 की रात थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम मई निवासी कन्हई सिंह के घर चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में थाना रामपुरा में मुकदमा संख्या 35/2026, धारा 331(4)/305ए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने ग्राम मई में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उन्होंने यह भी बताया कि वे क्षेत्र में दोबारा चोरी की घटना करने की फिराक में थे। मुठभेड़ में घायल अभियुक्त बृजेन्द्र राजपूत और विवेक राजपूत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे (.315 बोर), तीन जीवित कारतूस, चार खोखा कारतूस, कटर, पेचकस, प्लास, हथौड़ा, तीन मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक जोड़ी पीली धातु के आभूषण तथा 14,470 नकद रुपये बरामद किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित