जालौन , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई तथा पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान ध्वजारोहण, वृक्षारोपण, मिष्ठान वितरण तथा राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षक, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के उपरांत ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेदी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार वर्मा तथा उप प्रधानाचार्य डॉ. आर.एन. कुशवाहा ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने ऑडिटोरियम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों के संरक्षण और देखभाल पर बल दिया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने इमरजेंसी विभाग पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उधर, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय उरई तथा पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुलिसकर्मियों से राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी तथा कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन्स परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान भी वितरित किया गया।

कार्यक्रमों में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, डॉ. शैलेंद्र प्रताप, डॉ. चरक संगवान, डॉ. निशांत सक्सेना, डॉ. विशाल अग्रवाल, डॉ. सुनीत सचान सहित चिकित्सा एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, नर्सिंग स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित