जालौन , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की सिरसाकलार पुलिस ने चोरी की योजना बना रहे दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक स्टार्टर तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने सोमवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिरसाकलार पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मिले दो युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार (23) निवासी शहजादपुरा, कोतवाली जालौन तथा गौरव उर्फ बेटू (20) निवासी पड़री, कोतवाली कालपी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का एक स्टार्टर, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस जांच में मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली। जांच में बरामद स्टार्टर कोतवाली जालौन क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमे तथा मोटरसाइकिल कोतवाली उरई क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले से संबंधित पाया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना सिरसाकलार में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित