जालौन , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार देर रात उरई कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली। मेडिकल कॉलेज परिसर के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय चोरी गैंग के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने मेडिकल कॉलेज परिसर के आसपास घेराबंदी की। इस दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति झाड़ियों में बैठकर चोरी की योजना बनाते मिले। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
घायल अभियुक्तों की पहचान भारत भील (30), जिला धार, मध्य प्रदेश, अनिल भील (25) निवासी, जिला अलीराजपुर, मध्य प्रदेश और दिनेश भील (25) निवासी थाना टांडा, मध्य प्रदेश के तौर पर की गयी है। मौके से पुलिस ने 2 तमंचे (.315 बोर),एक रिवॉल्वर (.32 बोर), 25 कारतूस (जिंदा व खोखा), 60 हजार रुपये नकद तथा चोरी के उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद रिवॉल्वर आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर से चोरी किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित