जालौन , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु और किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को जालौन एवं कोंच मंडी स्थित विभिन्न खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जालौन मंडी के आठ तथा कोंच मंडी के दो खरीद केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने बारदाना उपलब्धता, तौल व्यवस्था, खरीद प्रक्रिया तथा किसानों को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 64 गेहूं खरीद केंद्र संचालित हैं, जहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। एफसीआई और पीसीएफ केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध है, जिससे खरीद कार्य निर्बाध रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो बाजार मूल्य से अधिक है।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे सीधे सरकारी खरीद केंद्रों पर अपनी उपज बेचें और बिचौलियों से बचें। इस दौरान उन्होंने एक किसान की ट्रॉली की अनलोडिंग प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया।

किसानों द्वारा व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित