जालौन , जून 26 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कोटरा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब दो बजे हुए सड़क हादसे में बालू से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार कोटरा कस्बे के गणेशगंज निवासी बरकत (22) पुत्र नासिर खान, सौरभ खान (23) पुत्र हाफिज इस्माइल तथा तालपुरा निवासी अरबाज शाह (20) पुत्र मुराद अली शाह मुहर्रम के अवसर पर उरई गए थे। देर रात बाइक से लौटते समय एट रोड से कोटरा की ओर आते हुए बालू लदे डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बरकत और सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरबाज गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित