जालौन , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) उरई ने ट्रेनों में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी और छीना-झपटी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नौ मोबाइल फोन, चांदी के आभूषण और नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया है। जीआरपी उरई के उपनिरीक्षक प्रेमचंद ने शनिवार को बताया कि रेलवे पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश, पुलिस अधीक्षक झांसी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन उरई के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर झांसी की ओर पुराने मालगोदाम के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ मुखिया यादव निवासी चक जगदेवपुर, रवि यादव निवासी कुशमी खरुसा थाना एट (जालौन), अमन शुक्ला निवासी पुखरायां थाना भोगनीपुर तथा बबलू दोहरे निवासी ततारपुर थाना सट्टी, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन, दो जोड़ी पायल, एक चेन, दो जोड़ी सफेद धातु की बिछिया तथा नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय ट्रेनों में सो रहे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और उनके बैग तथा कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार इस गिरोह की काफी समय से तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रेमचंद, हेड कांस्टेबल महेश्वरी दीन तथा कांस्टेबल राहुल कुमार और लक्ष्मण सिंह शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित