जालौन , अक्टूबर 13 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार बैंक मैनेजर की मौत हो गई। झांसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने हाईवे पार करते समय उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बैंक मैनेजर ने झांसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोनी मंदिर के पास निवासी संदीप रेंजा के पुत्र आयुष गुप्ता (30) कुठौंद क्षेत्र के मदारीपुर स्थित यूपी ग्रामीण बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात थे। मंगलवार को वह संकट मोचन मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय गोविंदम तिराहे पर हाईवे पार करते वक्त झांसी की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए झांसी लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित