जालौन , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की कदौरा थाना पुलिस ने गुरुवार दोपहर जुआ खेल रहे नौ लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल एक लाख 65 हजार रुपये नकद बरामद किये हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक परविंदर सिंह के नेतृत्व में कदौरा पुलिस टीम ने जुआ खेलते हुए नौ आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। बरामद रकम में 1,57,500 रुपये मालफड़ तथा 7,500 रुपये जामा तलाशी के शामिल हैं। इसके अलावा 52 अदद ताश के पत्ते, नौ मोबाइल फोन और एक पावर बैंक भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाजिर बेग उर्फ रिंकू, शेखर सिंह, प्रशांत सिंह, उमेश गुप्ता, देवेंद्र सिंह, कुबेर शर्मा, अशोक कुमार, प्रत्यय शुक्ला और अंकित के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों एवं गांवों के निवासी बताए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित