जालौन , जून 15 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में प्रसव के बाद जच्चा और नवजात शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित निजी अस्पताल को सीज कर दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी जालौन शैलेंद्र कुमार बाजपेई ने सोमवार को बताया कि 14 जून को कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम नौरेजपुर निवासी जितेंद्र ने थाना कुठौंद में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार वह 13 जून को अपनी पत्नी रश्मी (25) को प्रसव के लिए कुठौंद कस्बे में संचालित बांके बिहारी हॉस्पिटल लेकर गया था।

परिजनों के अनुसार अस्पताल में सामान्य प्रसव होने के कुछ समय बाद चिकित्सक ने जच्चा और नवजात शिशु की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें औरैया रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन दोनों को उपचार के लिए औरैया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मां और नवजात को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना कुठौंद में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ शैलेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बांके बिहारी हॉस्पिटल के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया है। वहीं मृतका और नवजात के पंचायतनामा तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई औरैया पुलिस द्वारा पूरी कर ली गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि चिकित्सकीय लापरवाही अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित