जालौन , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कृषि उत्पादन मंडी कदौरा में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि टोकन प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए जाने की आवश्यकता है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। इस पर उन्होंने क्षेत्रीय खाद्य एवं विपणन अधिकारी तथा केंद्र प्रभारी को फटकार लगाते हुए अगले दिन शाम तक व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि लगभग 17 किसानों ने सीधे खेत से गेहूं लाकर मंडी में डंप कर दिया, जिससे तौल व्यवस्था प्रभावित हुई। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों की टीम गठित कर संबंधित किसानों की पहचान करने तथा उन्हें टोकन उपलब्ध कराते हुए प्राथमिकता के आधार पर खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
तौल प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को 24 घंटे के भीतर दो अतिरिक्त धर्मकांटे स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान हितों से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान उपजिलाधिकारी कालपी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित