जालौन , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में मंदिर परिसर में गाय को पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने महंत फलाहारी बाबा और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, थाना कोटरा क्षेत्र स्थित रक्तदंतिका मंदिर में महंत भगवान दास यादव उर्फ फलाहारी बाबा (70) द्वारा स्वयं पाली गई गाय को डंडे से पीटने की घटना सामने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान महंत फलाहारी बाबा तथा उनके सहयोगी महेंद्र पाटकर (49) निवासी सैदनगर को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना कोटरा में धारा 325 बीएनएस और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित