जालौन , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष चौपाल अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने प्रत्येक विकास खंड के 10-10 गांवों में विशेष चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस अभियान के तहत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य एक माह के भीतर पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि "हर पात्र तक लाभ" पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौपालों में सभी विभाग सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि मौके पर ही पात्रता का सत्यापन कर योजनाओं का लाभ दिया जा सके।
विशेष चौपालों में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, पेंशन योजनाएं, किसान सम्मान निधि तथा श्रम विभाग की योजनाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं से वंचित न रहने देने के लिए अभियान मोड में कार्य किया जाए। चौपालों की पूर्व सूचना गांवों में व्यापक स्तर पर प्रसारित की जाए और प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सभी विकास खंडों में निर्धारित तिथियों पर अपराह्न तीन बजे से चौपाल आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित