जालौन , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कैलिया थाना क्षेत्र में ग्राम सामी में शुक्रवार को एक किसान का शव खेत में बबूल के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान रामपाल (45) के रूप में हुई है। बताया गया कि 23 अप्रैल की शाम करीब छह बजे परिवार के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने कैलिया गए थे, जबकि रामपाल घर पर अकेला था। देर रात वह घर से निकलकर खेतों की ओर चला गया, जहां उसने बबूल के पेड़ से फांसी लगा ली। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो शव को पेड़ से लटका देख हड़कंप मच गया। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
थानाध्यक्ष कैलिया अवनीश पटेल ने बताया कि परिजनों के अनुसार रामपाल को नशे की लत थी, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता था। हालांकि आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित