जालौन , अगस्त 7 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार को खाद की दुकानों पर छापेमारी की कार्यवाही की गई। जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगन दीप सिंह ने डकोर एवं एट क्षेत्र की उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद के कुल 10 नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मां वैष्णो बीज भंडार, रक्षक ट्रेडर्स, श्री साईं एजेंसी, बांके बिहारी खाद भंडार, कृषक सेवा केंद्र, पटेल कृषि सेवा केंद्र तथा गुप्ता खाद बीज भंडार की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि उर्वरक की बिक्री केवल पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन के माध्यम से की जाए। स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर प्रतिदिन पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए हैं। रजिस्टर अपूर्ण मिलने पर लाइसेंस निलंबित कर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि डीएपी की निर्धारित कीमत 1350 रुपये प्रति 50 किलोग्राम बोरी तथा यूरिया की कीमत 266.50 रुपये प्रति 45 किलोग्राम बोरी है। निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित