जालौन , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की कौंच मंडी में किसानों से अवैध वसूली के आरोप में वायरल हुए वीडियो मामले में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंडी के वाटर मैन को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उप जिलाधिकारी कौंच हेमंत पटेल को जांच अधिकारी नियुक्त कर पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच के दौरान किसानों द्वारा लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच में मंडी के वाटर मैन अशोक गुप्ता द्वारा अनियमितता एवं किसानों से अवैध वसूली किए जाने की पुष्टि हुई।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी ने अशोक गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए तथा विभागीय जांच भी शुरू करा दी।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़, भ्रष्टाचार अथवा अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित