जालौन , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आज सुबह प्रशासनिक अनुशासन एवं कार्यालयी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए विभिन्न विभागों में औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण दल में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचन्द मौर्य, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) विश्वेश्वर सिंह यादव और उप जिलाधिकारी (न्यायिक) हेमन्त पटेल शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कुल 37 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचन्द मौर्य ने बेतवा नहर प्रखंड प्रथम एवं द्वितीय का निरीक्षण किया, जहाँ अधिशासी अभियंता प्रथम धरम घोष, द्वितीय चन्द्रपाल सिंह सहित 21 कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। बेसिक शिक्षा विभाग में वित्त एवं लेखाधिकारी अजीत कुमार द्विवेदी, कर्मचारी दुर्गा दीक्षित और मनोज तिवारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अरविन्द कुमार, प्रदीप रावत और विक्रम झा गैरहाजिर मिले।
उप जिलाधिकारी (न्यायिक) विश्वेश्वर सिंह यादव ने लोक निर्माण विभाग का निरीक्षण किया, जिसमें एक कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया। इसके अलावा उप जिलाधिकारी (न्यायिक) हेमन्त पटेल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया, जहाँ पाँच कनिष्ठ सहायक, तीन वरिष्ठ सहायक और एक एमटीएस कर्मचारी सहित कुल नौ कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित