जालौन , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में गुरुवार की रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और लगभग 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया।
जिले की विभिन्न तहसीलों और ब्लॉकों में कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, बिजली के खंभे टूट गए और टीनशेड उड़कर दूर जा गिरे। तूफान के चलते लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। उरई, कालपी, कोंच, माधौगढ़ और ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण कई मकानों की दीवारें और टीनशेड गिर गए, जिससे बच्चों समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तूफान के कारण शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण संपर्क मार्गों पर भी यातायात प्रभावित रहा। कई जगह सड़क पर बड़े पेड़ गिर जाने से घंटों तक वाहन फंसे रहे और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उरई-राठ मार्ग पर हाई टेंशन लाइन का एक विशाल बिजली खंभा अचानक सड़क पर गिर पड़ा। खंभे के साथ बिजली के तार भी सड़क पर फैल गए, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के बीच जोरदार आवाज के साथ खंभा गिरा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि गनीमत यह रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित