जालौन , मई 9 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में अवैध मिट्टी एवं मौरंग खनन तथा ओवरलोड परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाते हुए पांच ट्रैक्टर, एक जेसीबी और सात ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि नवनियुक्त ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह को प्रतापुरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उन्होंने तत्काल मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त पांच ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को कब्जे में लिया गया। सभी वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली जालौन में खड़ा कराया गया।
इस अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार, खनिज विभाग के अधिकारी उमेश कुमार तथा पुलिस बल भी मौजूद रहा। इसी क्रम में कालपी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और पुलिस उपाधीक्षक अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान मौरंग से लदे छह ओवरलोड ट्रक और गिट्टी से भरा एक ट्रक पकड़ा गया। सभी वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध कर दिया गया है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से करीब नौ लाख रुपये प्रशमन शुल्क तथा खनिज विभाग को लगभग 10 लाख रुपये राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित