जालौन , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव एवं विभागाध्यक्ष अजय चौहान ने शनिवार को जालौन-भिंड मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-70) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार झांसी मंडल के भ्रमण के दौरान श्री चौहान निर्माण स्थल पर पहुंचे और सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की कोर कटिंग कराकर गुणवत्ता की जांच कराई तथा निर्माण सामग्री एवं तकनीकी मानकों का सत्यापन कराया।

निरीक्षण में निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि 18.680 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण लगभग 59.58 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। परियोजना के तहत सड़क को 10 मीटर चौड़ा विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

प्रमुख सचिव ने संबंधित अभियंताओं और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि मानकों की अनदेखी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा गुणवत्ता नियंत्रण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित