जालौन , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन जिले में 1273.96 करोड़ की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ऊर्जा और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर में उरई स्थित पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह इंदिरा स्टेडियम में आयोजित जनसभा में पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने उरई, कालपी और माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, राजस्व, पुलिस तथा नगर विकास विभाग की कुल 374 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में कालपी नगर पालिका क्षेत्र की 88.53 करोड़ की पेयजल योजना, उरई-इटौरा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 43.17 करोड़, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण पर 24.02 करोड़, बंगरा-रेढ़र-लगामपुर मार्ग के चौड़ीकरण पर 22.71 करोड़, कालपी अग्निशमन केंद्र भवन निर्माण पर 18.08 करोड़ तथा कोंच नगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं इंटरसेप्शन-डायवर्जन कार्य के लिए 14.19 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।

लोकार्पित परियोजनाओं में ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर फेज-द्वितीय के तहत महेवा में 351.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 400 केवी विद्युत उपकेंद्र एवं संबंधित ट्रांसमिशन लाइन सबसे बड़ी परियोजना रही। इसके अलावा राठ-कालपी मदारीपुर मार्ग का सुदृढ़ीकरण, राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन में 50 शैय्या का क्रिटिकल केयर यूनिट, पुलिस लाइन में 48 आवासीय भवन, उरई तहसील का नवीन भवन तथा कुठौंद से जालौन देवी मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उरई तहसील का आधुनिक भवन तैयार होने से राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी। वहीं पुलिस लाइन में निर्मित नए आवासीय भवन पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे, जिससे उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जालौन देवी माता मंदिर, रक्तदंतिका देवी मंदिर, अक्षरा देवी माता मंदिर तथा बैरागढ़ शक्तिपीठ मां शारदा मंदिर को जोड़ने वाले मार्गों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया गया है। इसके अतिरिक्त उरई में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) भवन तथा आधुनिक वैज्ञानिक मानकों पर आधारित हाईटेक नर्सरी का निर्माण भी पूर्ण कराया गया है।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को जालौन के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित