जालौन , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के रामपुरा क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुये तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और मौके से दस किलो से ज्यादा विस्फोटक बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ईशान सोनी ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुरा पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीहर गांव में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पर पुलिस टीम ने छापा मारकर राहुल कुमार (35), हरेन्द्र सिंह (20) और कैलाश (50), सभी निवासी ग्राम टीहर, को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार मौके से 8 किलो 170 ग्राम पीला पाउडर और 2 किलो 730 ग्राम सफेद पाउडर विस्फोटक, कुल 10 किलो 900 ग्राम विस्फोटक बरामद हुआ। इसके अलावा रंगीन अवरी पेपर, धागा, कपड़े की कतरन, पतंगी कागज, अधबने देशी दीवार पटाखे, दो प्लास्टिक डलिया, करीब ढाई बोरा जूट के देशी दीवार पटाखे तथा पटाखा निर्माण में प्रयुक्त बजरी-पत्थर बरामद किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित