जालौन , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के कैलिया थाना क्षेत्र में एक युवक का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, धौरपुर निवासी भगवान दास ने कैलिया थाना पुलिस को सूचना दी कि उनका नाती रोहित कुशवाहा (21) घर के अंदर फंदे पर लटका हुआ है। बताया गया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर युवक के शव को नीचे उतरवाया और पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि रोहित करीब सात से आठ दिन पहले झारखंड के पलामू से अपने गांव लौटा था। उसके माता-पिता परिवार सहित पलामू में रहते हैं और वहां पानी-पूरी का व्यवसाय करते हैं। रोहित गांव में अकेला रह रहा था। पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, युवक शराब पीने का आदी था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित