अलवर , अगस्त 28 -- राजस्थान में कोटपूतली- बहरोड़ जिले के कोटपूतली थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली नोटों की आपूर्ति करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना संजीव अहलावत को हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सू्त्रों ने शुक्रवार को बताया कि 23 अगस्त को कोटपूतली कस्बे से 500-500 रुपये के 135 जाली नोट (कुल 67 हजार 500) रुपये बरामद किए थे। इस मामले में दो आरोपियों निशीकान्त गुप्ता और राहुल सैनी को मौके से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर 24 अगस्त को जाली नोट की आपूर्ति करने वाले आरोपी चिराग भारद्वाज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान गिरोह के मुख्य सरगना संजीव अहलावत (28) निवासी गोच्ची, थाना बेरी, जिला झज्जर (हरियाणा) का नाम सामने आया। आज उसे झज्जर में गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित