जालौन , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को शादी समारोह में शामिल होने आए तीन युवक पहुज नदी में नहाते समय डूब गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अंबुज सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के थाना मिहौना क्षेत्र के ग्राम लिधौरा और अन्तियनपुरा के करीब 17 युवक एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। दोपहर में सभी युवक घूमने और स्नान करने के उद्देश्य से माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा के निकट बहने वाली पहुज नदी पर पहुंचे।

नहाने के दौरान जगमोहन बघेल (19) , सुधीर बघेल (15) तथा अवनीश यादव (20) नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए। पानी की गहराई का सही अनुमान न लगा पाने के कारण तीनों युवक डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य युवकों और स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों युवक नदी में लापता हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया।

उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक युवकों की तलाश जारी रही। प्रशासन ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी सूचना भेज दी है। अधिकारियों के अनुसार एसडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद आधुनिक उपकरणों की सहायता से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन नदी किनारे एकत्र होकर युवकों के मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक तीनों युवकों का पता नहीं चल सका था और खोज अभियान लगातार जारी था। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन एक पल में यह खुशी गहरे मातम में बदल गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित