जालंधर , अगस्त 15 -- पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और शानदार मार्चपास्ट से सलामी ली।
इस अवसर पर उपायुक्त वरजीत वालिया और पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए श्री भगत ने देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, करतार सिंह सराभा, ऊधम सिंह, मदन लाल ढींगरा, लाला लाजपत राय, दीवान सिंह कालेपानी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदानों के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों ने सबसे अधिक बलिदान दिए हैं और पंजाब सरकार महान शहीदों के सपनों को साकार करने तथा उनकी विचारधारा के अनुरूप राज्य को प्रगति के रास्ते पर ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री ने कहा कि शहीद जवानों के वारिसों के लिए एक्स-ग्रेशिया राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये की गई है और इस वित्तीय सहायता योजना में अग्निवीरों को भी शामिल किया गया है। देश और राज्य की सुरक्षा के लिए जान गंवाने वाले पुलिस कर्मचारियों के परिवारों को भी एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया गया है।
बागवानी क्षेत्र का उल्लेख करते हुए श्री भगत ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से जापान की एजेंसी जीका के सहयोग से लगभग 1,300 करोड़ रुपये की परियोजना जल्द शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य पंजाब में जलवायु परिवर्तन के अनुकूल और अधिक मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि राज्य में बागवानी के तहत क्षेत्र बढ़कर 5.21 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने 7,200 करोड़ रुपये खर्च कर नहरी सिंचाई व्यवस्था में बड़ा सुधार किया है। वर्ष 2022 में जहां 20.89 लाख एकड़ यानी करीब 26.5 प्रतिशत क्षेत्र को नहरी पानी मिल रहा था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 60.30 लाख एकड़ यानी 80 प्रतिशत हो गया है।
श्री भगत ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं। जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां में 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक चार लाख से अधिक श्रद्धालु धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं और अब इस योजना का दायरा पंजाब से बाहर स्थित धार्मिक स्थलों तक भी बढ़ाया गया है।मंत्री ने कहा कि राज्य के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 'रंगला पंजाब विकास योजना' का बजट वर्ष 2025-26 के 585 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2026-27 में 1,170 करोड़ रुपये किया गया है। योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पेयजल, स्वच्छता और ग्रामीण विकास से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
महिलाओं के लिए शुरू की गई 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब तक 74 लाख 59 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और एक अगस्त 2026 तक 65 लाख 62 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 2,274 करोड़ 42 लाख रुपये की वित्तीय सहायता पहुंचाई जा चुकी है। जालंधर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पांच लाख 21 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 'मेरी रसोई' योजना के तहत जुलाई तक राज्य में 33 लाख से अधिक राशन किट वितरित की जा चुकी हैं, जिनमें से जालंधर में दो लाख 40 हजार से अधिक किट बांटी गई हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए श्री भगत ने कहा कि 'मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना' के तहत 900 से अधिक सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं 1,090 आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से छह करोड़ से अधिक लोगों ने मुफ्त उपचार का लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 356 हाईटेक एंबुलेंस भी समर्पित की गई हैं।
नशे और अपराध के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के तहत एक मार्च 2025 से अब तक 75 हजार से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं 'गैंगस्टरों पर वार' अभियान के तहत 59 हजार से अधिक गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। रोजगार के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि अप्रैल 2022 से अब तक राज्य में 69 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में 'पंजाब शिक्षा क्रांति' के तहत किए जा रहे बदलावों का भी उल्लेख किया।
युवाओं को खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण पुस्तकालय योजना के तहत 275 आधुनिक पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं, जबकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से करीब 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 11 नामी खिलाड़ियों को पीसीएस और डीएसपी के पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं।
समारोह के अंत में कैबिनेट मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया तथा जरूरतमंद लोगों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और सिलाई मशीनें वितरित कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित