जालंधर , अगस्त 23 -- आम आदमी पार्टी (आप) की यूथ विंग द्वारा 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान के तहत रविवार को जालंधर में 'यूथ रन पंजाब 2026' मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें हजारों युवाओं और खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर नशे से दूर रहने, खेलों को अपनाने और स्वस्थ एवं प्रगतिशील पंजाब के निर्माण का संदेश दिया।
मैराथन को आप पंजाब प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मण ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाद में विजेताओं को 11 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और पदक भी दिए गए।
इस अवसर पर श्री सिसोदिया ने कहा कि यह मैराथन केवल कुछ किलोमीटर की दौड़ नहीं, बल्कि ऐसे पंजाब की आवाज है जो नशे, निराशा और हार मानने की मानसिकता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब के युवा पुराने 'उड़ता पंजाब' की छवि को पीछे छोड़कर 'खेलता-दौड़ता पंजाब' बना रहे हैं।
श्री सिसोदिया ने कहा कि सुबह-सुबह हजारों युवाओं की भागीदारी उनके उत्साह, ऊर्जा और सही दिशा में आगे बढ़ने के संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा अब नशे के बजाय खेल, फिटनेस और रचनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
आप पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि मैराथन में युवाओं की भारी भागीदारी 'रंगला पंजाब' बनाने के प्रति उनके बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आप यूथ विंग लगातार प्रदेश के युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए काम कर रही है।
श्री गोल्डी ने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि रोजाना आधा घंटा या एक घंटा खेलों में बिताना भी जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने यूथ विंग के अध्यक्ष विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा और उपाध्यक्ष वीर दविंदर सिंह सहित पूरी टीम को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब के युवाओं को नशे की ओर धकेला, जबकि मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं को खेल और शिक्षा से जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जालंधर में सुबह-सुबह बड़ी संख्या में युवाओं का एकजुट होना इस बात का प्रमाण है कि पंजाब फिर से 'रंगला पंजाब' बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित