जालंधर , सितंबर 02 -- पंजाब में जालंधर में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पंजाब स्मॉल इंडस्ट्री एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (पीएसआईईसी ) के मौजूदा उपाध्यक्ष और जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व हलका प्रभारी दिनेश ढल्ल अपने समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष के.एस. ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया। दिनेश ढल्ल के साथ पार्षद अमित ढल्ल, आम आदमी पार्टी बाजीगर बोर्ड के चेयरमैन मनप्रीत सोनू, नशा मुक्ति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह, दिलकुशा मार्केट जालंधर के चेयरमैन एवं जालंधर नॉर्थ डॉक्टर विंग अध्यक्ष नवदीप मदान, गुज्जर समाज जालंधर नॉर्थ के चेयरमैन सोनू चौधरी, वार्ड नंबर-2 के वार्ड प्रभारी अमित शर्मा, जालंधर नॉर्थ के पूर्व युवा समन्वयक अनिल ढल्ल बॉबी, प्रजापत समाज के चेयरमैन विक्रम कौशल, वार्ड नंबर-26 के वार्ड प्रभारी पुनीत वडेरा, स्वर्णकार बोर्ड के चेयरमैन अशोक कुमार, नशा मुक्ति मोर्चा के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर विक्रम कौशल और वार्ड कोऑर्डिनेटर पवन नंदा सहित कई अन्य लोग भाजपा में शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री ढिल्लों ने बुधवार को नये सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है और पार्टी मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि दिनेश ढल्ल जैसे प्रमुख नेताओं के भाजपा में शामिल होने से जालंधर में पार्टी को बड़ा बल मिला है। श्री ढिल्लों ने दावा किया कि जालंधर से आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेताओं का भाजपा में आना इस बात का संकेत है कि 'आप' का जहाज डूब रहा है, जबकि भाजपा का कारवां लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब का हर वर्ग आम आदमी पार्टी सरकार से परेशान है। उनके अनुसार राज्य में नशा, गैंगस्टरवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर बनी हुई है तथा पंजाब पर कर्ज बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन समस्याओं का समाधान भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार है और 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनने जा रही है।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, पूर्व विधायक के.डी. भंडारी, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल, जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की, सुशील शर्मा, अमित तनेजा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित