जालंधर , मई 24 -- पंजाब में जालंधर देहात पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुनील नाटा और डोनी बॉल गैंग से जुड़े एक अहम सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन, दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने रविवार को बताया कि जिले में समाज विरोधी तत्वों और नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर पुष्प बाली की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सुच्चा सिंह उर्फ सन्नी लांबड़ा इलाके में मौजूद है और बड़े स्तर पर हेरोइन तस्करी में शामिल है।
सूचना के आधार पर 23 मई को एसआई कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लांबड़ा क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस टीम जब गांव रामपुर लल्लियां के अड्डे के पास पहुंची तो सड़क किनारे खड़ा एक युवक पुलिस वाहन को देखकर घबरा गया और पास की एक दुकान की ओर जाने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के काले रंग के साइड बैग से 100 ग्राम हेरोइन, .32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान सुच्चा सिंह उर्फ सन्नी निवासी गांव फतेहगढ़ पंजतूर, जिला मोगा के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना लांबड़ा में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी हत्या, आर्म्स एक्ट और नशा तस्करी से जुड़े कई मामलों में शामिल रहा है और विभिन्न जेलों में बंद रह चुका है। वह 7 मार्च 2026 को फरीदकोट जेल से जमानत पर बाहर आया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह "अभी" नामक व्यक्ति के साथ मिलकर दोबारा हेरोइन तस्करी में सक्रिय हो गया था।
पुलिस के अनुसार 'अभी ' विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बॉल के संपर्क में है और फिलहाल जमानत पर बाहर आकर फरार चल रहा है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान और बड़े खुलासे होने की संभावना है। इसके साथ ही नशा तस्करी से अर्जित आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित