जालंधर, नवंबर 10 -- पंजाब में जालंधर के पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने मंगलवार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जालंधर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में विभिन्न पाबंदियों के आदेश जारी किए हैं। इनके तहत हथियार लेकर चलने, जुलूस निकालने, पांच या इससे अधिक लोगों के एकत्र होने और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियार ले जाने पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा किरायेदारों, पेइंग गेस्ट (पीजी) और घरेलू कर्मचारियों की जानकारी पुलिस को देना अनिवार्य किया गया है। इन आदेशों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति बेसबॉल बैट, तेजधार या नुकीले हथियार अथवा अन्य जानलेवा हथियार वाहन में रखकर नहीं चल सकेगा। कमिश्नरेट क्षेत्र में जुलूस निकालने, किसी कार्यक्रम या जुलूस में हथियार लेकर चलने, पांच याअधिक व्यक्तियों के एकत्र होने और नारेबाजी करने पर भी पाबंदी रहेगी।

एक अन्य आदेश के तहत मैरिज पैलेसों, होटलों के दावत हॉलों, विवाह समारोहों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में आमलोगों के हथियार लेकर जाने पर रोक लगाई गई है। मैरिज पैलेस और दावत हॉल के मालिकों को अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त ने मकान मालिकों को किरायेदारों, पीजी संचालकों को अपने यहां रहने वाले लोगों तथा आम नागरिकों को घरों में रखे जाने वाले नौकरों और अन्य कर्मचारियों की जानकारी नजदीकी पुलिस सांझ केंद्र में देने के निर्देश भी दिए हैं। होटलों, मोटलों, गेस्ट हाउसों और सरायों के मालिकों एवं प्रबंधकों को किसी भी व्यक्ति को उसकी पहचान की पुष्टि किए बिना ठहराने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें प्रत्येक यात्री के वैध फोटो पहचान पत्र की स्वयं सत्यापित प्रति और सत्यापित मोबाइल नंबर का रिकॉर्ड निर्धारित प्रारूप में रजिस्टर में रखना होगा। ठहरे हुए यात्रियों का विवरण प्रतिदिन सुबह 10 बजे संबंधित थाना प्रभारी को भेजना होगा तथा रजिस्टर में दर्ज रिकॉर्ड प्रत्येक सोमवार को थाना प्रभारी से सत्यापित करवाना होगा। जरूरत पड़ने पर यह रिकॉर्ड पुलिस को उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा।

बीबीकिसी विदेशी नागरिक के होटल, मोटल, गेस्ट हाउस या सराय में ठहरने पर इसकी सूचना पुलिस आयुक्त कार्यालय के विदेशी नागरिक पंजीकरण कार्यालय (एफआरओ) को देनी होगी। होटल, रेस्तरां, मोटल, गेस्ट हाउस और सराय के गलियारों, लिफ्ट, स्वागत काउंटर तथा मुख्य प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाना भी अनिवार्य किया गया है।

आदेशों के अनुसार, किसी वांछित या संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने अथवा किसी अन्य राज्य या जिले की पुलिस द्वारा वहां ठहरे व्यक्ति को गिरफ्तार किए जाने की स्थिति में संबंधित प्रतिष्ठान के मालिक या प्रबंधक को तुरंत संबंधित थाने या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करना होगा। पुलिस आयुक्त द्वारा जारी ये सभी आदेश 8 जनवरी 2027 तक लागू रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित